डुबो पुल पर मिला युवक का बुलेट, स्वर्णरेखा में कूदने की आशंका
सोनारी पुलिस कर रही है तलाश, आधिकारिक पुष्टि बाकी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत डुबो पुल से पुलिस ने एक बुलेट बाइक बरामद किया है। बरामद बाइक आदित्यपुर के धीराजगंज निवासी सूरज गोराई की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया, हालांकि सूरज का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
सूरज के पिता शंकर गोराई ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार शाम 4 बजे बुलेट लेकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। रातभर खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि डुबो पुल पर उनका बुलेट खड़ा मिला है। परिजन और पुलिस को आशंका है कि सूरज ने स्वर्णरेखा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
सूरज के दोस्त नीरज महतो ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे उससे बात हुई थी और सूरज ने सिर्फ इतना कहा था – “अपना ख्याल रखना”, इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और युवक की तलाश तेज कर दी गई है।

