झारखंड सरकार द्वारा धान क्रय का भुगतान नहीं किये जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसानों के संग खेतों में किया प्रदर्शन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।
जमशेदपुर। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों से क्रय किए गए धान का भुगतान नहीं किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश वयाप्त है। प्रदेश के किसानों से पिछले वर्ष क्रय किये गए धान का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। किसानों को धान खरीदी के बदले पैसे का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में शुक्रवार को जमशेदपुर महानगर अंतर्गत विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पटमदा मंडल अंतर्गत बेलटांड़ चौक पर प्रखंड विकास कार्यालय परिसर के समीप खेत में महानगर अध्यक्ष गूँजन यादव ने किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुचीराम बाउरी एवं किसानों के संग धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गूँजन यादव ने राज्य सरकार पर किसानों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को समय पर खेती करने के लिए सरकार खाद, बीज, कृषि यंत्र उपलब्ध नहीं करा पा रही है। किसानों को मिलनेवाले बीज की खुलेआम कालाबाजारी जारी है। पिछले वर्ष क्रय किए धान का अभी तक भुगतान नही किया गया है। सरकार की इसी लचर कार्यशैली के विरोध में भाजपा प्रदेश के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार किसानों को शीघ्र भुगतान नहीं करती तो भाजपा इस मुद्दे पर उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुचीराम बाउरी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, प्रदेश किसान मोर्चा के सहकोषाध्यक्ष दीपू सिंह, पटमदा मंडल अध्यक्ष मंटू चरण दत्ता समेत बड़ी संख्या में किसान व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।