जिले के स्वास्थ्य विभाग की नियुक्ति और भ्रष्टाचार की हो जाँच : भाजपा
पूर्वी सिंहभूम के स्वास्थ्य विभाग में 16 लोगों की नियुक्ति अनियमितता में भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने सिविल सर्जन द्वारा रिटायरमेंट से एक दिन पूर्व आनन फ़ानन में की गई नियुक्ति को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाया है। मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूत के पाँव पालने में ही दिख गये हैं। भ्रष्टाचार पर ज़ीरों टॉलरेंस का दावा करने वाली ट्विटर सरकार की संवेदनशीलता तथा कथनी और करनी में फ़र्क दिखनी शुरू हो गयी है। महज़ छह महीनों में ही घोटाले, फर्जीवाड़े और अनियमितताओं को लेकर सरकार चर्चाओं में है। उन्होंने इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए नियुक्तियों की उच्चस्तरीय जाँच की माँग की है।