रामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 3 वाहन चोर गिरफ्तार; 7 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद।।
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें कई वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर संपत्तिमूलक अपराधों की रोकथाम और चोरी के मामलों के उद्भेदन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वाहन जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने मो. नजरूल अंसारी और मो. निसार अंसारी को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर पांच अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई। मामले में रंजीत महतो को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी मो. नजरूल अंसारी के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े कई पुराने आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इस संबंध में रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी दल में डीएसपी (मुख्यालय) मो. अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय तथा पुलिस निरीक्षक रजत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
मुकेश कुमार लूणायत
पुलिस अधीक्षक रामगढ़

