गिरिडीह गडरमा और जोभी में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 हजार किलो जावा महुआ नष्ट
राष्ट्र संवाद संवादाता
गिरिडीह अधीक्षक उत्पाद गिरिडीह के निर्देश पर उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने गडरमा और जोभी गांव में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया तथा भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए तैयार जावा महुआ और अवैध महुआ शराब बरामद कर नष्ट एवं जब्त की गई।
छापेमारी के दौरान शराब कारोबारियों द्वारा अपने घरों में संचयित करीब 9,000 किलोग्राम जावा महुआ तथा 400 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। टीम को आता देख अधिकांश कारोबारी मौके से फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया है।
वहीं, इससे एक दिन पूर्व 18 जून को जमुआ थाना क्षेत्र के छकनाडीह, खरीडीह एवं खरगडीहा गांवों में भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इस कार्रवाई में अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 1,500 किलोग्राम जावा महुआ और 160 लीटर महुआ शराब जब्त की गई थी। संबंधित शराब कारोबारियों के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
