भुइयांडीह लिट्टी चौक–भिलाई पहाड़ी तक फोर लेन सड़क व पुल का कार्य 10 दिन में शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र को जल्द ही एक महत्वपूर्ण उपहार मिलने वाला है। भुइयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक फोर लेन सड़क और स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण की स्वीकृत परियोजना अब गति पकड़ने वाली है। लगभग ₹39.92 करोड़ की लागत वाली इस योजना में 242 मीटर लंबे पुल के साथ 3.453 किमी पहुँच पथ, कुल 3.695 किमी सड़क निर्माण शामिल है।
योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय से मुलाकात की और देरी पर नाराजगी जताते हुए जल्द काम शुरू करने का निर्देश दिया। पथ निर्माण विभाग के सचिव से भी उन्होंने फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय ने आश्वस्त किया कि 10 दिनों के भीतर विधायक की उपस्थिति में योजना का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, भारी वाहनों का रूट शहर से बाहर स्थानांतरित होगा और ट्रैफिक भार में भी कमी आएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्वी विधानसभा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी है और प्रत्येक स्वीकृत योजना पर वे स्वयं निगरानी कर रही हैं।

