कलश यात्रा के साथ बासंती पूजा का शुभारंभ, भक्तिमय माहौल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। श्री श्री 108 खेलाई चंडी सार्वजानिक बासंती पूजा समिति, कालेज मोड़ चांडिल के द्वारा चैती नवरात्र के अवसर पर महासप्तमी के दिन भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बामनी नदी से कलश यात्रा की शुरुआत हुई।
कलश यात्रा में “जय माता दी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। कलश यात्रा डैम रोड, चौक बाजार, बस स्टैंड होते हुए आयोजन स्थल कालेज मोड़ स्थित मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश की स्थापना की गई।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सोमेन उर्फ राजू दां ने कलश यात्रा में शामिल समाजसेवी कुसुम खेतान, दुर्गा चौधरी, अनंतो आडय और संजय चौधरी को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
आयोजन समिति के राजू दां एवं रिंकू दां ने बताया कि बासंती पूजा का आयोजन पिछले 13 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 26 एवं 27 मार्च को महाष्टमी और महानवमी का पूजन किया जाएगा, साथ ही खिचड़ी भोग का वितरण भी होगा।
वहीं 28 मार्च को महादशमी के दिन सुबह 9 बजे महिलाओं द्वारा सिंदूर खेला का आयोजन किया जाएगा तथा शाम 4 बजे मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय चौधरी, तपन कुमार गुप्तो (जमाई), आलोक राम, बुलबुल मोदक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

