अश्लील वीडियो का ‘बिज़नेस मॉडल’ फेल: 4 करोड़ वसूलने वाली ‘व्यवसायिक महिला’ रेस्टोरेंट में रंगे हाथ पकड़ी गई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इंद्र यादव/मुंबई! घाटकोपर के एक सोने-चांदी की दुकान के प्रबंधक को अश्लील वीडियो के ज़रिए बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर करीब 4 करोड़ रुपये की ‘सर्विस चार्ज’ वसूलने वाली महिला को मुंबई अपराध शाखा ने आखिरकार पकड़ लिया है। महिला का ‘बिज़नेस मॉडल’ इतना सफल चल रहा था कि पीड़ित अब तक लगभग 4 करोड़ रुपये दे चुका था, फिर भी ‘ग्राहक संतुष्टि’ के नाम पर और मांग जारी थी।
पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच शिकायतकर्ता के एक परिचित महिला ने व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर कथित तौर पर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद शुरू हुआ ‘प्रेस रिलीज़’ का धमकी अभियान—वीडियो इंटरनेट पर डालने, पुलिस, अदालत और यहां तक कि सीबीआई तक पहुंचाने का वादा। डर के मारे पीड़ित ने वर्ष 2024 से अब तक करीब 4 करोड़ रुपये की ‘साइलेंस मनी’ चुका दी। लेकिन महिला का ‘सब्सक्रिप्शन मॉडल’ खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। रकम नहीं मिलने पर मारपीट और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं।
मामले की गंभीरता देखकर अपराध शाखा कक्ष-7 की घाटकोपर यूनिट ने जाल बिछाया। 18 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता से अतिरिक्त 3 लाख रुपये की कथित वसूली स्वीकार करते समय महिला को एलबीएस रोड, घाटकोपर पश्चिम स्थित आरके रेस्टोरेंट से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। यानी ‘डिलीवरी’ के दौरान ही पकड़ी गई।
घाटकोपर पुलिस थाने में गु.र.क्र. 1253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच अपराध शाखा कक्ष-7 की घाटकोपर यूनिट कर रही है।
4 करोड़ रुपये देकर भी ‘रिलेशनशिप मैनेजर’ संतुष्ट नहीं हुईं। लगता है वीडियो वाला ‘प्रोडक्ट’ इतना प्रीमियम था कि बार-बार अपग्रेड पैकेज बेचने की कोशिश चल रही थी। पीड़ित ने बदनामी के डर से इतनी बड़ी रकम चुकाई, लेकिन धमकियां रुकने का नाम नहीं ले रही थीं। पुलिस ने आखिरकार उस ‘बिज़नेस मीटिंग’ को बाधित कर दिया जहां 3 लाख रुपये का ‘एडवांस’ लेना था।
अब जांच आगे बढ़ेगी। बाकी जो लोग सोच रहे हैं कि व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर ‘स्पेशल’ बातें रिकॉर्ड करके करोड़ों का बिज़नेस चलाया जा सकता है, उनके लिए यह खबर एक मुफ्त सलाह है—पुलिस भी अब ‘ऑनलाइन’ है।

