राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
भारती विविध कला मंदिर की ओर से स्वर सम्राट एवं महान पार्श्वगायक स्व. किशोर कुमार की 97वीं जयंती के अवसर पर किशोर नाईट का भव्य आयोजन किया गया। गम्हरिया स्थित स्टूडेंट्स कॉर्नर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्श्व गायक किशोर कुमार के जन्म दिवस पर संस्था के सदस्यों ने केक काटकर लोगो के बीच वितरित किया।
इस मौके पर दिवंगत पार्श्व गायक मो0 रफ़ी, मुकेश कुमार, स्वर कोकिला लता मंगेशकर और आशा भोंसले को भी उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर अतिथि के रूप में पूर्व पंसस अजीत कुमार सिंह और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर व तपन मजुमदार उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मानित अतिथियों में कांग्रेस जिला सचिव राजू रजक, महिला अध्यक्ष रानी शर्मा, समाजसेवी केशव चंद्र महतो भी मौजूद रहे। इस मौके पर अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि किशोर कुमार भारतीय संगीत जगत की अमूल्य धरोहर थे। उनकी मधुर आवाज और सदाबहार गीत आज भी हर आयु वर्ग के लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं।
उन्होंने कहा कि महान कलाकारों की जयंती मनाने से नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और कला से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। इस मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया जिसमें जमशेदपुर के कलाकार समीर मुखर्जी, आशुतोष मिश्रा, श्रुति दीक्षित, तनु गुप्ता, संजय पांडा, गौरव, खुशी मंडल, मिस भारती, शुभांकर भट्टाचार्जी, संचिता समेत कई कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। इन कलाकारों ने अपने गीतों की प्रस्तुति से पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया जिसका देर रात तक श्रोताओं ने खूब आनंद उठाया। इस मौके पर उर्मिला देवी मंडल, संजीव कुमार दास, अर्जुन दास, अर्जुन दास आदि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के संयोजक अभय लाभ, अध्यक्ष कुमार संजय, सचिव चंचल साहू, कोषाध्यक्ष रूबी देवी, संजीव कुमार बेरा समेत सभी सदस्यों का योगदान रहा।

