शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य पर अपोलो अस्पताल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन,अपोलो दिल्ली में चल रहा ईलाज
झारखंड को हो रही है दोहरी दर्द
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/दिल्ली। झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला विधायक श्री रामदास सोरेन के निधन की खबर पूरी तरह से अफवाह है। झामुमो प्रवक्ता कुणाल ने स्पष्ट किया कि मंत्री जी का इलाज दिल्ली के अपोलो अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर है।

शनिवार सुबह अपने घोड़ा बांधा स्थित आवास में बाथरूम में बेहोश होकर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों ने ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि की थी। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया गया।
मंत्री जी की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर पार्टी के वरिष्ठ नेता, समर्थक और विधायक मंगल कालिंदी व संजीव सरदार अस्पताल पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर निधन की अफवाह फैलने से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी।

दिल्ली के अपोलो अस्पताल ने आधिकारिक बुलेटिन जारी कर कहा है कि श्री सोरेन की हालत नाजुक है और वह लाइफ सपोर्ट पर हैं। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के पुत्र डॉ. अभिषेक सिंह मुंडा, जो वर्तमान में दिल्ली में मौजूद हैं, ने भी पुष्टि की कि इलाज जारी है और अफवाहों पर ध्यान न दें।

