- शहीदों की स्मृति में गम्हरिया में जलेगा एक दीया
*7 नवंबर को होगा आयोजन, देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे स्कूली बच्चे, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिता भी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
उरी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम इस वर्ष भी गम्हरिया में आयोजित होगा। स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां की गुरुवार को दुर्गापूजा मैदान में हुई बैठक में 7 नवंबर को शाम 4:30 बजे कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के जिला संयोजक एवं कार्यक्रम अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने की।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन अब 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर स्थानीय स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों को नमन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारी के तहत 27 अक्टूबर को छोटा गम्हरिया के बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला तथा महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता शामिल है।
बैठक में मंच की पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा, संघर्ष वाहिनी प्रमुख विवेक कुमार, झारखंड आंदोलनकारी बाबू मिश्रा, अमित सिंहदेव, शैलेश तिवारी, राजन साहू, बाबूराम मार्डी, पूनम ठाकुर, जितेंद्र सिंह, अमित मंडल और सत्यम मिश्रा सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।

