आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के केंदू गांछ चौक स्थित सिटी सेंटर के लिए चिन्हित खाली भूखंड पर कचरे के ढेर में लगी भीषण आग को लेकर महापौर प्रत्याशी रविन्द्र बास्के ने गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों से आग सुलग रही है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री बास्के ने बताया कि कचरे से निकल रही जहरीली मीथेन गैस और धुएं के कारण आसपास की कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों तथा स्थानीय निवासियों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो क्षेत्र गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की चपेट में आ सकता है। बास्के ने बिना नाम लिए एक अन्य महापौर प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त भूखंड पर अवैध रूप से कचरा फेंकने की अनुमति देने के बदले मासिक शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कचरा डंपिंग पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और आग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं पाया गया, तो वे मामले को एनजीटी में ले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि 9 मई को भी उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण परिषद को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। प्रेस वार्ता के दौरान दीपक सोरेन, सुधाकर हांसदा, गणेश मुर्मू और राजू मुखी मुख्य रूप से उपस्थित थे। फिलहाल क्षेत्र में धुआं और दुर्गंध से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

