फोनों पेन्ह. कंबोडिया के एक होटल कैसीनो ग्रैंड डायमंड सिटी में भीषण आग लग जाने से 10 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए हैं. वहीं इस हादसे में 50 से ज्यादा लोग फंस गए थे. आग लगने की इस गंभीर हादसे में होटल का भी बड़ा नुकसान हुआ है. फायरफाइटर्स ने बताया कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है और होटल रूम की तलाशी की जा रही है. आग कैसे लगी, इसका अबतक कुछ पता नहीं चला है, लेकिन स्थानीय अधिकारी जांच में जुट गए हैं.
मीडिया रिपोर्ट अनुसार हादसे में 53 लोगों को बचाया गया है. आग लगने के समय कैसीनो के अंदर कई विदेशी नागरिक भी मौजूद थे. रिपोर्ट में थाई विदेश मंत्रालय के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार घायलों को थाईलैंड के सा केओ प्रांत के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है.
थाई रेस्क्यू ग्रुप रुआमकटान्यू फाउंडेशन के एक कर्मचारी ने बताया कि आग पहली मंजिल पर शुरू हुई थी, लेकिन तेजी से कालीनों के साथ फैल गई और बहुमंजिला इमारत तक फैल गई. ग्रैंड डायमंड सिटी थाई-कंबोडियन सीमा के साथ कई कैसीनो-होटलों में से एक है. स्थानीय पुलिस कमिश्नर मेजर जनरल सिथी लोह ने शुरुआती जानकारी की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है और 30 लोग घायल हो गए हैं. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है.

