नई दिल्ली. देश में प्रतिदिन मिलने वाले कोरोना संक्रमण के नए मामले 15 हजार के नीचे आ गए हैं. 49 दिन बाद सक्रिय मामलों का आंकड़ा भी दो लाख से कम हो गया है. दैनिक संक्रमण दर के साथ ही साप्ताहिक संक्रमण दर भी दो प्रतिशत से कम हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 13,405 नए मामले मिले और 235 लोगों की जान गई है. इसमें से अकेले केरल से 128 मौतें शामिल हैं जहां पहले हुई मौतों को नए आंकड़ों के साथ मिलाकर जारी किया जा रहा है.
कुल संक्रमितों की संख्या 4.28 करोड़ और मृतकों की संख्या 5.12 लाख हो गई है. मंत्रालय के मुताबिक सक्रिय मामलों में भी 21,056 की कमी आई है और वर्तमान में इनकी संख्या 1,81,075 रह गई है जो कुल मामलों का 0.42 प्रतिशत है. दैनिक संक्रमण दर 1.24 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 1.98 प्रतिशत है. वहीं, मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 98.38 प्रतिशत और मृत्युदर 1.20 प्रतिशत है.
कोविन पोर्टल के शाम छह बजे के आंकड़ों के मुताबिक देशभर में अब तक 77.88 करोड़ लोगों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है यानी उन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगा दी गई हैं. अब तक 176 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं. इनमें 96.37 करोड़ पहली और 1.82 करोड़ सतर्कता डोज भी शामिल हैं. पिछले 24 घंटे में 35.50 लाख डोज लगाई गईं. मंत्रालय के मुताबिक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी 11.17 करोड़ डोज बची हैं.

