दो साल बाद भी अधूरा रंकणी मंदिर का सुंदरीकरण, शौचालय तक नहीं बना
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
जादूगोड़ा के रंकणी मंदिर में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा सुंदरीकरण कार्य दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। वर्ष 2024 में विधायक द्वारा कार्य का शिलान्यास किए जाने के बावजूद मंदिर परिसर में शौचालय, सीढ़ी, दीवार और पार्क का निर्माण अधूरा पड़ा है। इससे श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है।
मंदिर परिसर में निर्माण कार्य अलग-अलग हिस्सों में अधूरा छोड़े जाने से आवागमन भी प्रभावित है। शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को दूर जाना पड़ता है। वहीं, पार्किंग की सुविधा विकसित नहीं की गई है और जगह-जगह बिखरे सरिये तथा निर्माण सामग्री से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। अधूरे निर्माण के बीच बुजुर्गों और बच्चों को भी आवाजाही करनी पड़ रही है।
मंदिर कमेटी के सदस्यों ने निर्माण में देरी और गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दिसंबर-जनवरी में नए साल के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में अधूरी सुविधाओं के कारण उनकी परेशानी और बढ़ सकती है। कमेटी ने इस संबंध में उपायुक्त को पत्र लिखकर निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। साथ ही ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए सभी अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है।

