आशियाना मोड़ पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 40 दुकानें ध्वस्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को आदित्यपुर में व्यापक अभियान चलाया। इमली चौक से आशियाना मोड़ तक सड़क और सर्विस लेन के किनारे बने अवैध निर्माण हटाए गए। इस दौरान आशियाना मोड़ के पास करीब 40 अस्थायी और स्थायी दुकानों को जेसीबी व पोकलेन मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी और मायूसी देखी गई।
अभियान की शुरुआत इमली चौक से हुई। प्रशासनिक टीम पान दुकान चौक, आकाशवाणी चौक और शेरे पंजाब चौक होते हुए आशियाना मोड़ पहुंची। इस दौरान कपड़े, फल, चाय-नाश्ता, वाहन मरम्मत समेत विभिन्न कारोबार से जुड़ी दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि दुकानों में रखा सामान निकालने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को सरकारी जमीन खाली करने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था। अक्टूबर के पहले सप्ताह में नोटिस जारी कर एक महीने का समय दिया गया था और पिछले सप्ताह फिर से जगह खाली करने की याद दिलाई गई थी। न्यायालय के आदेश के आलोक में झारखंड सार्वजनिक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
प्रशासन की योजना खाली कराई गई जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की है। इसमें जिले के फल एवं सब्जी उत्पादकों को भी अपने उत्पाद सीधे कारोबारियों तक पहुंचाने का अवसर देने की योजना है। दूसरी ओर, प्रभावित दुकानदारों ने आसपास पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग उठाई है, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

