
जमशेदपुर। टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से कैंसर मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए 114 बेड वाले अत्याधुनिक विश्राम गृह की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य कैंसर के इलाज के लिए जमशेदपुर आने वाले मरीजों और उनके परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के दौरान उन्हें रहने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
दीपावली के अवसर पर इस विश्राम गृह का संयुक्त रूप से उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने किया।
114 बेड की क्षमता वाले इस विश्राम गृह में आधुनिक सुविधाओं के साथ केबिन की भी व्यवस्था की गई है। यहां कैंसर मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को भी आरामदायक वातावरण में ठहरने की सुविधा मिलेगी। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से इलाज कराने जमशेदपुर पहुंचने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने संयुक्त रूप से आर्थिक सहयोग दिया है। वहीं, विश्राम गृह के संचालन और व्यवस्था की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन संभालेगी।
इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी और यूनियन कमेटी मेंबर्स (यूसीएम) उपस्थित थे।
यह पहल कैंसर मरीजों को चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ बेहतर आवास और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है

