
लंदन में गूंजेगी छठी मइया की जयकार
यूनाइटेड किंगडम में लगातार 5 वें साल सामूहिक छठ पर्व का महाआयोजन होगा
बिहार और झारखंड की माटी से जुड़ी बिहारी कनेक्ट यूके संस्था ने तैयारी शुरू की
लंदन/रांची । छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यूनाइटेड किंगडम में बिहार और झारखंड की माटी से जुड़े लोगों के लिए उनकी आस्था, श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और मिट्टी की सोंधी खुशबू की पवित्र अनुभूति है। बिहार – झारखंड के लोग जब अपनी जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर सात समंदर पार यूके में छठ महापर्व मनाते हैं, तो उनकी जीवन मूल्य की जड़ों और परंपराओं की यादें गहरी हो जाती है।

बिहारी कनेक्ट यूके, लंदन में रजिस्टर्ड संस्था हैं, जिसने लंदन में पिछले 4 वर्षों से सामूहिक छठ महापर्व को भव्यता और भक्तिभाव के साथ सफलतापूर्वक जीवंत किया है । संस्था की स्थापना अक्टूबर 2017 में पटना के डॉ उदेश्वर कुमार सिंह और हिनू रांची के कैप्टन ओम प्रकाश ने की थी । अन्य ट्रस्टी राजीव सिंह, विजय राय और डॉ बीरेंद्र राय भी संस्था से जुड़े हैं ।
संस्था ने यूके के सबसे बड़े छठ महापर्व 2026 के सफल आयोजन के लिए डॉ श्रीमती रानी ओमप्रकाश को अध्यक्ष व पवन कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है । अमित कुमार शर्मा वित्त सचिव, अरुण कुमार सदस्यता सचिव, अभिषेक आनंद आईटी सचिव, अभिषेक वर्मा सचिव सांस्कृतिक, श्रीमती श्रीपन्ना मिश्रा सचिव सामुदायिक मामले तथा श्रीमती खुशबू सिंहा सचिव पीआर व सोशल मीडिया होंगे। विकास कुमार राय कल्चरल प्रोग्राम, प्रकाश कुमार आईटी और अमर कुमार व रवि कुमार को फूड एवं कैटरिंग की जिम्मेदारी देखेंगे ।

संस्थापक ट्रस्टी कैप्टन ओम प्रकाश ने बताया कि संस्था से यूके में बसे बिहार एवं झारखंड के करीब 15 सौ परिवार जुड़े हुए है । संस्था द्वारा यूके में हरेक वर्ष सामूहिक रूप से होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस, लिट्टी पार्टी ऑन सीबीच और छठ पूजा का आयोजन किया जाता हैं । लंदन स्थित भारतीय उच्चायुक्त के कार्यक्रमों में भी भागीदारी और पूरा सहयोग देता हैं ।
उन्होंने बताया कि संस्था ने यूके में बसे बिहार और झारखंड से जुड़े लोगों के बीच विशिष्ट पहचान स्थापित की हैं । इस वर्ष भी संस्था के गौरवशाली सिलसिले को जारी रखते हुए लगातार 5 वें साल तीन दिवसीय छठ पर्व का महाआयोजन किया जा रहा है । इस वर्ष कुल 15 व्रती सामूहिक निर्जला उपवास रखकर भगवान भास्कर और छठी मइया की उपासना करेंगे । यूके के प्रतिकूल मौसम और दिनचर्या के बीच 15 व्रतियों का नियम, निष्ठा और पवित्रता के साथ छठी मैया का पूजन श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत और प्रेरणादायक क्षण होगा।
संस्थापक ट्रस्टी डॉ उदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि यूके में पूजन सामग्री की व्यवस्था एक बड़ी कठिन चुनौती हैं । पूजा में पीतल दौरा, सूप, दिया, थाली आदि छठ पूजन सामग्री को पटना से मंगवाया गया हैं । संस्था सभी वत्तियों को छठ पूजन सामग्री के साथ दो साड़ी, दो ब्लाउज और लहटी मुहैया कराएगी। इसका मूल उद्देश्य छठ महापर्व के पारंपरिक स्वरूप, उसकी मूल आत्मा और बिहार – झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को यथासंभव उसी भाव के साथ प्रस्तुत करना है, जैसा लोग अपने घरों और गांवों में अनुभव करते आए हैं। इस साल भी व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वच्छ अर्घ्य स्थल (घाट), ठेकुआ प्रसाद और व्यवस्थाओं का वृहद और बेहतरीन योजना बनाई गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को घर से दूर होने का अहसास न हो। इस आयोजन में महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से 7 हजार से अधिक ठेकुआ प्रसाद बनाया जाएगा । जिसे सभी श्रद्धालु के अलावे यूके में दुर – दराज के शहरों में बसे बिहार और झारखंड के परिवारों के बीच भी वितरित किए जाएंगे ।
तीन दिवसीय इस सामूहिक छठ पूजा का स्थल यूके के लंदन स्थित ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हौंऊसले रखा गया हैं । 14 नवंबर को सामूहिक खरना / लोहंडा, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य) और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) एवं पारन होगा । जिसमें कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स, वेंबले आदि शहरों के करीब दो हजार लोग भाग लेंगे । सभी के लिए निःशुल्क भोजन, नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था होगी । बच्चों के लिए खेल- कूद, पेंटिंग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होगी । संस्था से जुड़े 25 वालंटियर के सहयोग से सभी कार्यक्रम संचालित होंगे । 13 नवंबर को सभी व्रती अपने घरों में नहाय-खाय मनाएंगे ।
डॉ उदेश्वर सिंह ने बताया कि अपनी संस्कृति को परदेस में कायम रखने और भावी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का दायित्व बिहारी कनेक्ट यूके पिछले 4 वर्षों से बखूबी निभाने में सफल रहा है।
अजय कुमार

