29 अक्टूबर से तेज होगा पारडीह-बालीगुमा एनएच-33 का निर्माण: सरयू राय
मानगो की जनता के आक्रोश के बीच एनएचएआई को मोहलत, काम शुरू नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि पारडीह से बालीगुमा तक एनएच-33 के जर्जर हिस्से का निर्माण कार्य 29 अक्टूबर 2026 से तेज गति से शुरू होगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने वार्ता के दौरान उन्हें यह आश्वासन दिया है। मशीन की मरम्मत और कैलिब्रेशन में देरी को निर्माण कार्य प्रभावित होने का कारण बताया गया है।
सरयू राय ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और धूल के कारण वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और दोपहिया सवारों को भारी परेशानी हो रही है। 3 अक्टूबर को निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन अगले ही दिन बंद हो गया। इससे मानगो की जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को डिमना चौक के समीप प्रभावित वार्डों के पार्षदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई है। इसमें आंदोलन की रणनीति तय होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय पर निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रस्तावित आंदोलन का नारा है “जब तक नीचे की सड़क का निर्माण नहीं, तब तक ऊपरी सड़क का भी निर्माण नहीं।”
सरयू राय के अनुसार, परियोजना निदेशक ने सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने का भरोसा दिया है। अब निगाहें 29 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब एनएचएआई के आश्वासन की परीक्षा होगी और मानगो के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

