टाटा स्टील UISL की ‘RELIFE’ पहल, अनुपयोगी वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील UISL) ने बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब के निकट अपने रिड्यूस, रीयूज एंड रिसाइकिल (RRR) सेंटर में ‘RELIFE’ पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य अनुपयोगी घरेलू वस्तुओं का पुनः उपयोग कर कचरे को कम करना और जरूरतमंदों को सस्ती दरों पर उपयोगी सामान उपलब्ध कराना है।

इस पहल के तहत नागरिक कपड़े, जूते-चप्पल, किताबें, खिलौने, साइकिल और बैग जैसी वस्तुएं दान कर सकते हैं। सफाई और आवश्यक मरम्मत के बाद इन्हें मामूली कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा। शुरुआत टाटा स्टील UISL के सफाई मित्रों से होगी, जिसके बाद इसे आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों और आसपास के गांवों तक विस्तारित किया जाएगा।
पुनः उपयोग योग्य नहीं रहने वाले कपड़ों से NGO की मदद से जूते, दरी, कालीन और बेडशीट जैसे उत्पाद बनाए जाएंगे। वहीं, एकत्रित पुस्तकों से सामुदायिक पुस्तकालय विकसित किया जाएगा। इस पहल के जरिए कंपनी पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा दे रही है। कंपनी ने नागरिकों से उपयोग योग्य अनुपयोगी वस्तुएं RRR सेंटर में दान करने की अपील की है।

