मानगो में हाईवा की टक्कर से बिजली के दो पोल गिरे, बड़ा हादसा टला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में शनिवार सुबह बिल्डिंग मटेरियल लदे एक हाईवा की बिजली के खंभे से टक्कर हो गई। हादसे में हाईटेंशन तार लगे बिजली के दो पोल गिर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पोल गिरते ही बिजली आपूर्ति बंद हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जाता है कि घटना के समय आसपास लोगों की मौजूदगी थी। ऐसे में बिजली के पोल गिरने से गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हाईवा को घेर लिया। लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया।
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा समेत संबंधित वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। वहीं, बिजली के दो पोल क्षतिग्रस्त होने से इलाके की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों ने बस्ती में भारी वाहनों के परिचालन को लेकर नाराजगी जताते हुए इस पर नियंत्रण की मांग की।

