रामचरित मानस प्रचार संघ के प्रदेश अध्यक्ष स्व. राम वली सिंह को दी श्रद्धांजलि
बेगूसराय/राष्ट्र संवाद ब्यूरो
तेघरा प्रखंड के रातगांव पंचायत के वार्ड संख्या एक में रामचरित मानस प्रचार संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष स्व. राम वली सिंह जी की भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
अध्यक्षता जिला महामंत्री हरे राम चौधरी ने की, जबकि संचालन परशुराम सिंह ने किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजकुमार आज़ाद ने कहा कि जो राम को भजते हैं, वो साक्षात राम स्वरूप हो जाते हैं। राम वली बाबू ने जीवन भर राम नाम का प्रचार कर रामत्व को प्राप्त किया।
रामचरित मानस प्रचार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्य नारायण मिश्र ‘सत्य ने कहा कि रामायण सुनना बहुत आसान है, पढ़ना थोड़ा कठिन है, लेकिन राम जैसा बनना बहुत-बहुत कठिन है।
संघ के राष्ट्रीय महामंत्री मुखिया पंकज सिंह राधे-राधे ने कहा कि राम वली बाबू सम्पूर्ण बिहार के राम अनुयायियों को संगठित करते-करते श्री राम के पद को प्राप्त हो गए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. राम वली सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
मौके पर स्व. सिंह के तीनों सुपुत्र टुनटुन सिंह, सेंट पॉल स्कूल के डायरेक्टर सुनील सिंह एवं बेगूसराय जिले के ख्याति प्राप्त चिकित्सक डॉ. शम्भू कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों को चादर ओढ़ाकर एवं पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया।
श्रद्धांजलि सभा में हजारों की संख्या में राम भक्त, ग्रामीण एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

