विकसित भारत-जी राम जी योजना से ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को मिलेगी गति: केशव प्रसाद मौर्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत अनुमन्य ग्रामीण परिसंपत्तियों का निर्माण गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सामुदायिक विकास और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र और सरकारी विद्यालयों जैसी आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों के संवाद, सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय विकास योजनाओं के संचालन के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण से बच्चों की देखभाल, पोषण और स्वस्थ विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास का उद्देश्य केवल भौतिक संसाधनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि शिक्षा, पोषण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना भी है। योजना के अंतर्गत ग्रामीण सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, शौचालय, खेल मैदान, रसोई शेड, प्रयोगशाला और विद्यालय परिसर की दीवार के निर्माण जैसे कार्य भी अनुमन्य हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि इन सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा। अतिरिक्त कक्षा-कक्षों से पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, जबकि प्रयोगशालाओं से व्यावहारिक ज्ञान और खेल मैदानों से बच्चों के शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। शौचालय, रसोई शेड और परिसर की दीवार जैसी सुविधाएं भी विद्यालयों को व्यवस्थित बनाने में सहायक होंगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र और सरकारी विद्यालय गांवों की मूलभूत जरूरतों से सीधे जुड़े हैं। योजना के तहत इन परिसंपत्तियों के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पोषण और सामुदायिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी तथा गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार को गति मिलेगी।

