*युवक की हत्या के बाद जागा प्रशासन, आयडा गेट की सर्विस रोड से हटाया अतिक्रमण*
*खाऊ गली में शिखर तिर्की की हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई, दुकानें जब्त कर थाने ले गई टीम; पहले कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
दुर्गापूजा के दौरान आदित्यपुर आयडा गेट स्थित खाऊ गली में युवक शिखर तिर्की की हत्या के बाद आखिरकार प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण के समीप सर्विस रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे लगी कुछ दुकानों को हटाकर थाने ले जाया गया, जबकि कई दुकानदार कार्रवाई की भनक मिलते ही सामान समेटकर वहां से हट गए।
सर्विस रोड पर लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से दुकानें लगने से आवागमन और यातायात प्रभावित होता था। इस समस्या को लेकर समाचार पत्रों में भी कई बार खबरें प्रकाशित हुईं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। युवक की हत्या के बाद अचानक अभियान शुरू होने से नगर निगम और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि दुर्गापूजा के दौरान खाऊ गली में खाने के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद में शिखर तिर्की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में तीन अन्य युवक भी घायल हुए थे। हालांकि, हत्या का प्रत्यक्ष कारण खाने के ऑर्डर को लेकर हुआ विवाद बताया गया है; अतिक्रमण को हत्या का कारण नहीं माना जा सकता।
अब सवाल है कि गुरुवार का अभियान स्थायी समाधान बन पाएगा या कुछ दिनों बाद सर्विस रोड पर फिर दुकानें सज जाएंगी। स्थानीय लोगों ने नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगरानी बढ़ाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

