बीएमपी-8 बेगूसराय में डॉ. लाल पैथलैब्स के ऑथराइज्ड कलेक्शन सेंटर ‘आई सन हेल्थ प्लस’ का शुभारंभ,
कमांडेंट पुष्कर आनंद ने फीता काटकर किया उद्घाटन
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बेगूसराय के बीएमपी-8 परिसर में बुधवार को डॉ. लाल पैथलैब्स के ऑथराइज्ड कलेक्शन सेंटर ‘आई सन हेल्थ प्लस’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। सेंटर का उद्घाटन बीएमपी-8 के कमांडेंट सह खगड़िया के पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर आनंद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सेंटर की संचालिका नेहा कुमारी,अभिषेक कुमार के साथ साथ डॉ. लाल पैथलैब्स के मैनेजर आनंद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
‘आई सन हेल्थ प्लस’ के शुरू होने से बीएमपी-8 परिसर में कार्यरत पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और आसपास के लोगों को पैथोलॉजी जांच के लिए सैंपल कलेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। डॉ. लाल पैथलैब्स के अधिकृत कलेक्शन सेंटर के रूप में इसका उद्देश्य लोगों को सुविधाजनक तरीके से डायग्नोस्टिक सेवाओं से जोड़ना है।
उद्घाटन के अवसर पर कमांडेंट पुष्कर आनंद ने स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच कराना स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को सहूलियत मिलती है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
सेंटर की संचालिका नेहा कुमारी ने कहा कि ‘आई सन हेल्थ प्लस’ के माध्यम से लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक सैंपल कलेक्शन सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य मरीजों को जांच के लिए सैंपल देने में सुविधा प्रदान करना तथा सेवा की गुणवत्ता पर ध्यान देना है।
वहीं, डॉ. लाल पैथलैब्स के मैनेजर आनंद कुमार ने कहा कि कंपनी का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों तक डायग्नोस्टिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो। अधिकृत कलेक्शन सेंटरों के विस्तार से मरीजों को स्थानीय स्तर पर सैंपल कलेक्शन की सुविधा मिलती है। बीएमपी-8 में ‘आई सन हेल्थ प्लस’ की शुरुआत इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

