मनगसो में 5 किलो के गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट, चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत
दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान लगी आग ने लिया भयावह रूप, सिलेंडर फटने से गांव में मचा हड़कंप; अस्पताल ले जाने के दौरान कविता देवी ने तोड़ा दम, पांच वर्षीय शीतल की मौके पर ही मौत
गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में चाची और भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26 वर्ष) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई है। त्योहार की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
प्रसाद बनाते समय लगी आग, देखते ही देखते हुआ विस्फोट
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी अपने घर में दुर्गापूजा का प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घर में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों को उम्मीद थी कि किसी तरह आग पर काबू पा लिया जाएगा। लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया।
विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से जा टकराया। इस दौरान कविता देवी और शीतल कुमारी उसकी सीधी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पांच साल की शीतल ने मौके पर तोड़ा दम
इस भीषण हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, धनवार ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार से जुड़ी दो मौतों की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। मृतका कविता देवी अपने पीछे पति और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धमाके की आवाज से दहल उठा गांव
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतका के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज पूरे गांव में गूंज गई। इसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने हादसे के बाद दोनों को बचाने और घायल कविता देवी को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद मनगसो गांव में शोक का माहौल है। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर हुई इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक छोटी-सी रसोई दुर्घटना ने दो जिंदगियां छीन लीं और परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया।

