जरूली स्टेशन के पास मालगाड़ी का डिब्बा बेपटरी, दो घंटे बाधित रहा रेल परिचालन
*ओवरहेड इक्विपमेंट और सिग्नल उपकरण क्षतिग्रस्त, बार-बार हो रहे हादसों से रेल सुरक्षा पर उठे सवाल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
चक्रधरपुर रेलमंडल के जोड़ा ब्लॉक क्षेत्र में जरूली स्टेशन के पास एक मालगाड़ी का डिब्बा बेपटरी हो गया। घटना के कारण अप मेन लाइन पर रेल यातायात बाधित हो गया। हादसा किलोमीटर संख्या 406/33 के पास हुआ, जहां मालगाड़ी का एक डिब्बा चलते समय पटरी से उतर गया।
घटना में ओवरहेड इक्विपमेंट और सिग्नल विभाग के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही रेलवे ने एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा। इसके बाद युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।
चक्रधरपुर रेलमंडल क्षेत्र में लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे ट्रैक के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिक मालगाड़ियों के परिचालन के बीच रेल पटरियों की मरम्मत और तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

