सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू धर्म के संरक्षण का बड़ा काम किया : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने धर्मांतरण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हिंदू धर्म के संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से फैसले के समर्थन में आवाज बुलंद करने की अपील की।
एक पूजा पंडाल के उद्घाटन के बाद श्री राय ने कहा कि धर्मांतरण के जरिए निहित स्वार्थों की पूर्ति पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने डांडिया और गरबा को धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन बताते हुए इन्हें केवल मनोरंजन तक सीमित करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने वालों को मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था भी खुलकर व्यक्त करनी चाहिए।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान नशे में रहने और परंपरा के विपरीत गाने बजाने पर चिंता जताते हुए सरयू राय ने कहा कि विसर्जन में मां दुर्गा के भजन और श्लोक बजाए जाने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि दुर्गा स्तुति के श्लोकों को संगीतबद्ध कर डीजे पर बजाया जाए, ताकि धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा मिले और नई पीढ़ी में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था मजबूत हो।
सोशल मीडिया पर भी उन्होंने डांडिया-गरबा आयोजनों में धार्मिक आस्था, आयोजकों की जिम्मेदारी और प्रशासनिक अनुमति के औचित्य पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रशासन से ऐसे आयोजनों के सामाजिक सद्भाव पर पड़ने वाले प्रभाव पर विचार करने की अपील की

