मां कालरात्रि की पूजा के साथ दुर्गोत्सव चरम पर, पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही /बेगूसराय
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर शनिवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना के साथ छौड़ाही में दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ गई।धार्मिक मान्यता के अनुसार मां कालरात्रि अपने भक्तों को भय और संकट से मुक्ति प्रदान करती हैं। क्षेत्र के कई पूजा पंडालों में जागरण के बाद आधी रात को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पट खोलने की तैयारी की गई है। वहीं, पट खुल चुके पूजा स्थलों पर दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी है।बाजितपुर, बड़ैपुरा,सिंहमा,इब्राहिमपुर,शाहपुर,बरदाहा,छौड़ाही, मटिहानी,नारायणपीपर,पनसल्ला और परोड़ा सहित विभिन्न गांवों में पूजा की धूम है।पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया है।कहीं भव्य झांकियां तो कहीं रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं।समितियों की ओर से जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में डूबा है।
मेले से विसर्जन तक रहेगी निगरानी
श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।छौड़ाही बीडीओ प्रिया कुमारी,सीओ चंद्र प्रकाश पांडेय और थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

