हत्या की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ चार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कारोबारी रंजिश में हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार से शूटर बुलाए गए थे। खरकई रेलवे ब्रिज के पास गुप्त सूचना पर छापेमारी कर राजेश कुमार साव, मन्नू कुमार, प्रतीक कुमार और विकास कुमार सिंह उर्फ रितिक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, एक लोडेड रिवॉल्वर, 23 जिंदा कारतूस, दो खोखे और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 82/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

