बुआई के वक्त किसानों को मिले गुणवत्तापूर्ण बीज, उचित दर पर खाद
किसान सलाहकार समिति की बैठक में फसलवार लक्ष्य, बीज की जरूरत और रबी किसान पाठशालाओं पर चर्चा
बेगूसराय/राष्ट्र संवादबेगूसराय
रबी की बुआई के समय किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और उचित दर पर खाद उपलब्ध हो, ताकि खेती की लागत बढ़ने और जरूरी कृषि सामग्री के लिए भटकने की नौबत नहीं आए। शुक्रवार को ई-किसान भवन, तेघड़ा में प्रखंड किसान सलाहकार समिति की वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी बैठक में इस पर जोर दिया गया। गेहूं, मक्का, चना, सरसों और मटर के फसलवार लक्ष्य निर्धारण तथा बीज की आवश्यकता से संबंधित प्रस्ताव जिला परियोजना निदेशक, आत्मा, बेगूसराय को भेजने की तैयारी पर चर्चा हुई। अध्यक्षता आत्मा अध्यक्ष शंभू पंडित ने की।
आत्मा अध्यक्ष ने खाद की उचित दर पर बिक्री सुनिश्चित करने के लिए खाद-बीज दुकानों की नियमित जांच और निगरानी की मांग की। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राधिका कुमारी ने कहा कि किसानों को समय पर कृषि योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग का मुख्य उद्देश्य है।
बीटीएम अमरेश कुमार ने बताया कि किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन के प्रति जागरूक करने के लिए इस वर्ष पांच किसान पाठशालाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें खरीफ मौसम में दो किसान पाठशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि शेष तीन पाठशालाएं रबी मौसम में आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से किसानों को फसल उत्पादन की बेहतर तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में डीएपी सहित सभी उर्वरकों की उचित दर पर उपलब्धता, गुणवत्तापूर्ण बीज और सूअर व नीलगाय से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठा। मौके पर अरविंद महतो, राजीव सिंह, किसान सुधीर सिंह, कृषि समन्वयक राकेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

