सरायकेला थोक बाजार और ओम सुपर मार्केट में जांज
*खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, सूजी-मैदा जांच के लिए रांची भेजे, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सरायकेला के थोक बाजार और ओम सुपर मार्केट का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार और विशाल कुमार सिंह की टीम ने सूजी, मैदा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए। इन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को उत्पादों पर वैध लाइसेंस या पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि सहित जरूरी विवरण अंकित रखने का निर्देश दिया गया। खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों के इस्तेमाल पर रोक लगाते हुए केवल अनुमत खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा में उपयोग करने को कहा गया।
विभाग ने दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। नियमित और आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

