चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के त्वरित कार्रवाई से पंचायत भवन चोरीकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; चोरी के सामान बरामद
चतरा: सदर थाना क्षेत्र के डाड़ा पंचायत भवन में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कई सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह पंचायत भवन का ताला तोड़कर सीसीटीवी उपकरण क्षतिग्रस्त करने के बाद मॉनिटर, सीपीयू, बैटरी, इन्वर्टर, प्रिंटर, स्टेबलाइजर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कांड के उद्भेदन के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से पूछताछ के लिए पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए। मामले में सनोज कुमार, देवा नायक और दयाली भारती को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दो बैटरी, दो इन्वर्टर, प्रिंटर, स्टेबलाइजर, दो एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, बायोमेट्रिक मशीन, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, पांच मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का नाम जिले में दर्ज अन्य चोरी के मामलों से भी जुड़ा है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

