यूसीआईएल के 7 हजार ठेका मजदूर 19 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
अर्जित छुट्टी के बकाया और बोनस भुगतान की मांग, प्रबंधन को 18 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) की पांच प्रमुख इकाइयों—जादूगोड़ा, भाटीन, नरवा पहाड़, बागजाता और तुरामडीह में कार्यरत करीब 7 हजार ठेका मजदूर 19 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। मजदूरों ने वर्ष 2025 के अर्जित अवकाश के बकाया भुगतान और भाटीन के 200 ठेका कर्मियों के बोनस की मांग को लेकर यह निर्णय लिया है।
झामुमो नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में माटीगोड़ा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में हड़ताल का फैसला लिया गया। मार्डी ने बताया कि अर्जित अवकाश का पैसा नौ महीने से बकाया है। 3 अक्टूबर को ज्ञापन देने के बाद 7 अक्टूबर को प्रबंधन के साथ बैठक हुई थी, जिसमें दुर्गा पूजा से पहले भुगतान का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद 15 अक्टूबर तक भुगतान नहीं हुआ।
मार्डी ने प्रबंधन पर ठेका मजदूरों को आश्वासन देकर टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि 18 अक्टूबर तक भुगतान नहीं होने पर 19 अक्टूबर से सभी पांचों इकाइयों के मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। बैठक में मजदूर प्रतिनिधियों ने प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

