छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने को चलेगा विशेष अभियान, घर-घर होगा सत्यापन
तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के 339 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण की तैयारी, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन होगा और सूची में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय में तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र-143 के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा के निर्देश पर अपर निर्वाचन पदाधिकारी ओनम कुमारी ने अभियान की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 339 मतदान केंद्रों पर कुल 3,03,058 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,59,542 पुरुष, 1,43,508 महिला और 8 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र में 9,436 युवा, 1,480 वरिष्ठ नागरिक और 2,230 दिव्यांग मतदाता भी दर्ज हैं। प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं का लिंगानुपात 899 है।
बीएलओ करेंगे सत्यापन, बीएलए देंगे सहयोग
बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) छूटे पात्र नागरिकों की पहचान करने और मतदाता सूची की त्रुटियों की जानकारी बीएलओ तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। बैठक में सभी दलों से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई। बैठक में भाकपा के रविंद्र कुमार, राजद के सरस्वती चंद्र ठाकुर, लोजपा रामविलास के ब्रह्मदेव पासवान, भाजपा के मनोहर कुमार एवं सरोज राय, जदयू के अविनाश कुमार एवं राजीव सिंह के अलावे निर्वाचन कार्यालय के कर्मी भी मौजूद थे।

