टुईलाडुंगरी दुर्गा पूजा पंडाल का सोमेश सोरेन और समीर मोहंती ने किया उद्घाटन
1934 से जारी है पूजा की परंपरा, प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से बना पंडाल बना आकर्षण

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वर्ष 1934 से आयोजित हो रही इस पूजा में इस बार प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच और ग्लास जैसी उपयोगी वस्तुओं से आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है, जो पुनः उपयोग का संदेश दे रहा है।
पंडाल में मां दुर्गा की लगभग 20 फीट ऊंची राजराजेश्वरी स्वरूप की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। प्रतिमा का निर्माण ओडिशा के कारीगरों ने किया है। आकर्षक विद्युत सजावट और मेले ने भी पूजा की रौनक बढ़ाई है।
उद्घाटन समारोह में विधायक सोमेश सोरेन और समीर मोहंती ने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी ने पूजा की ऐतिहासिक परंपरा की जानकारी दी, जबकि महासचिव दिनेश कुमार ने शहरवासियों से सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने की अपील की।
इस अवसर पर कमिटी के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। समारोह में वर्षों से धार्मिक सेवा कर रहे पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

