शक्ति स्थल पर शहीद देवेंद्र माझी को नमन
*सादगी से मना 32वां शहादत दिवस, रूपी सोरेन के निधन के कारण नहीं हुई सभा; पांच जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
सारंडा-पोड़ाहाट में जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को गोईलकेरा हाट मैदान स्थित शक्ति स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी और तीन विधायक निरल पुरती, सुखराम उरांव तथा जगत माझी ने पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के चलते इस वर्ष सभा आयोजित नहीं की गई। कार्यक्रम में रूपी सोरेन की तस्वीर पर भी माल्यार्पण किया गया।
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि देवेंद्र माझी जंगल आंदोलन के अमर नायक थे, जिन्होंने आदिवासियों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित किया। सांसद जोबा माझी ने दूरदराज के सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र से पहुंचे अनुयायियों को हो भाषा में संबोधित किया। उन्होंने शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके संघर्ष को याद किया।
मझगांव विधायक निरल पुरती ने देवेंद्र माझी को महान योद्धा बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज भी लोगों के अधिकारों की लड़ाई में प्रेरणा देता है। चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि शहीद के विचार और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए भी प्रासंगिक हैं। मनोहरपुर विधायक जगत माझी और सांसद जोबा माझी ने कार्यक्रम के दौरान दूरदराज से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे।
*सामाजिक परंपरा के तहत सांसद को दी गई सामग्री*
कार्यक्रम में आदिवासी परंपरा के अनुसार शहीद देवेंद्र माझी के समर्थकों ने उनकी पत्नी और सांसद जोबा माझी को वस्त्र, चावल और रुपये भेंट किए। सांसद ने इस स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। समर्थक हरीश बोदरा ने सामग्री प्राप्त की और भेंट देने वालों के नाम-पते कॉपी में दर्ज किए।
इससे पूर्व सांसद जोबा माझी के चक्रधरपुर स्थित आवास पर भी शहीद को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, पश्चिमी सिंहभूम झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, सरायकेला झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, कालीपद सोरेन, अकबर खान, गणेश बोदरा, जगदीश नारायण चौबे, विशू हेम्ब्रम, रामसिंह हेम्ब्रम, दीपक प्रधान, अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, दिनेश गुप्ता, सुखमती बानरा, आसमान सुंडी और जानकी हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। चक्रधरपुर, चाईबासा, जगन्नाथपुर, सोनुवा, मनोहरपुर, गुदड़ी, आनंदपुर, राजनगर, सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया, गुवा और किरीबुरू से भी समर्थक पहुंचे।

