यूपी कांग्रेस मुख्यालय में गुटबाजी खुलकर आई सामने, समर्थकों में मारपीट; अजय राय धरने पर बैठे
राष्ट्र संवाद संवाददाता लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान खुलकर सामने आ गई। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के कार्यभार संभालने के लिए मुख्यालय पहुंचने के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों और मोना समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जूतमपैजार की नौबत आ गई। इस घटनाक्रम से पार्टी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आराधना मिश्रा ‘मोना’ अपने नए दायित्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए कांग्रेस मुख्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी वहां पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उनके प्रति असम्मानजनक टिप्पणियां की गईं और अपशब्द कहे गए। इससे नाराज अजय राय ने विरोध जताया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई।
अपने प्रति कथित अभद्र व्यवहार से नाराज अजय राय प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए। इस घटनाक्रम के समय राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी भी मौजूद थे। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हुई इस घटना ने संगठन के भीतर आपसी समन्वय और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बीच हुई इस घटना को संगठन के भीतर गुटीय खींचतान के रूप में देखा जा रहा है। नए नेतृत्व के कार्यभार संभालने के अवसर पर इस तरह का विवाद पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला है। फिलहाल, घटनाक्रम को लेकर पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया और विवाद के समाधान पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

