महिलाओं का सम्मान और स्वावलंबन रामराज्य का आधार: योगी आदित्यनाथ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बलरामपुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का आधार है। महिलाओं का आदर करने वाले समाज में ही समृद्धि और खुशहाली आती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत छात्राओं को स्टडी टेबल और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ट्रैक सूट किट देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कृषि मेले का उद्घाटन कर किसानों को कृषि उपकरण भी प्रदान किए।
योगी ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को जन्म से उच्च शिक्षा तक कुल 25 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

