सड़क हादसे में युवक की मौत पर चंपई सोरेन ने उठाई आवाज, टाटा कंपनी से 1 करोड़ मुआवजे की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार देर रात हुए इस हादसे के बाद बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन मृतक के परिजनों के साथ बर्मामाइंस थाना पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
थाने में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चंपई सोरेन ने कहा कि मृतक परिवार को पर्याप्त मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने टाटा कंपनी से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कंपनी क्षेत्र के आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाए और पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि टाटा कंपनी परिसर के आसपास सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत होती है तो कंपनी को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
चंपई सोरेन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो शहर में कंपनी के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से भी शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय हैं और प्रशासन को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। इस दौरान मृतक के परिजन और समर्थक भी मौजूद रहे।

