दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह में यातायात व्यवस्था में बदलाव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह। दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध (बारहवीं) कार्यक्रम को लेकर 17 सितंबर को गिरिडीह शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और VVIP/VPIP के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है।
प्रशासन के निर्देश के अनुसार 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन न करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। साथ ही आम लोगों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

