तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में बाइक सवार युवक की मौत, सड़क जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मुआवजे की मांग को लेकर धवैईया-पेंक मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया। स्थानीय लोगों के द्वारा बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, वह कथित तौर पर कोयला चोरी में इस्तेमाल किया जा रहा था। और यहां के थाना और अधिकारियों के मिली भगत से कोयले का खेल हो रहा है।
घटना ऊपरघाट के धवैईया गांव के समीप की है। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय श्याम लाल हेम्ब्रम बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर धवैईया-पेंक मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
सूचना मिलने के बाद पेंक नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि मृतक श्याम लाल हेम्ब्रम शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल ट्रैक्टर तथा उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

