किसान की बेटी प्रीति को संस्कृत में मिला “गोल्ड”
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
ईचागढ़ के चोगा गांव की प्रीति महतो ने संस्कृत ऑनर्स में स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में मंगलवार को उन्हें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मौजूदगी में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। समारोह में कुल 54 छात्राओं को स्वर्ण पदक तथा 1990 छात्राओं को डिग्री दी गई।
किसान गुणाधर महतो और गृहिणी सुगामनी महतो की बेटी प्रीति ने संस्कृत ऑनर्स में 77 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा चोगा स्थित शहीद अजीत धनंजय महतो शिक्षा निकेतन से तथा इंटर की पढ़ाई महिला कॉलेज, चाईबासा से की। इसके बाद जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय से संस्कृत में स्नातक किया। डीएलएड की पढ़ाई पूरी कर चुकी प्रीति फिलहाल संस्कृत में एमए कर रही हैं।
विवाह के बाद भी उन्होंने पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा। वर्ष 2025 में अमित महतो से विवाह के बाद चांडिल के धातकीडीह में रहते हुए उन्होंने उच्च शिक्षा जारी रखी और यह उपलब्धि हासिल की।

