पंप हाउस से पीतल का चेक वाल्व चोरी, 1140 क्वार्टरों में पानी की आपूर्ति ठप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत संचालित पंप हाउस में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते पंप हाउस में घुस गए और मेन पाइपलाइन में लगा पीतल का चेक वाल्व चुरा ले गए। इस घटना के कारण मंगलवार सुबह से बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के लगभग 1140 क्वार्टरों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा के प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा तथा वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंप हाउस ऑपरेटर राम सिंह से घटना की जानकारी ली और स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि चोर खिड़की के जरिए अंदर दाखिल हुए और पाइपलाइन में लगा महत्वपूर्ण पीतल का चेक वाल्व निकालकर ले गए।

जनप्रतिनिधियों ने तत्काल बागबेड़ा थाना और पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई और दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
दूसरी ओर, पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि चोरी से क्षतिग्रस्त हुई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सामान्य करने का भरोसा दिया है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, श्रवण मिश्रा और उमेश पांडे ने संयुक्त रूप से पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा पीएचईडी विभाग से जलापूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर सभी 1140 क्वार्टरों में नियमित पानी पहुंचाने की मांग की है।

