प्रेम प्रसंग में सिकंदर की हत्या, एक सप्ताह में खुलासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप 1 सितंबर को मिले कीताडीह निवासी सिकंदर कुमार शर्मा (30) के शव की गुत्थी पुलिस ने एक सप्ताह में सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के कारण सिकंदर की हत्या की गई थी और इसके लिए 1.80 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। सुपारी की 50 हजार रुपये अग्रिम राशि भी दी गई थी।
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के अनुसार सिकंदर के बड़े भाई जीतेंद्र शर्मा ने शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पुलिस को पता चला कि बागबेड़ा निवासी विभा देवी का सिकंदर के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक इसकी जानकारी विभा के पति मिंटू साव को हुई तो उसने सिकंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार मिंटू ने बड़ा बागलता निवासी सुंदर दास को हत्या की सुपारी दी। सुंदर ने आकाश दास और इच्छापुर, आरआईटी निवासी परसुराम दास को योजना में शामिल किया। योजना के तहत विभा देवी सिकंदर को घूमने के बहाने बाइक से बानाकाटा ले गई। वहां उसने शौचालय जाने का बहाना बनाकर बाइक रुकवा दी।
इसी दौरान पीछे से मारुति कार में मिंटू, सुंदर, आकाश और परसुराम पहुंचे। आरोप है कि चारों ने लोहे के एंगल से सिकंदर के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे डालकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की और बाइक वहीं खड़ी कर फरार हो गए। हत्या 31 अगस्त की रात हुई थी, जबकि 1 सितंबर को पुलिस ने शव बरामद किया।
पुलिस ने मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पांचवीं आरोपी विभा देवी फरार है। पुलिस ने 20 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के एंगल, पांच मोबाइल फोन और खून के नमूने जब्त किए हैं। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और जांच के दौरान मिली अन्य जानकारियों के आधार पर मामले का खुलासा किया।

