राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
सरायकेला-काण्ड्रा मुख्य मार्ग पर बिकानीपुर मोड़ के समीप धान लदा एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। चालक व खलासी को मामूली चोटें आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन चालक सरायकेला की ओर से धान लेकर चौका की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बिकानीपुर मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे पलट गया। वाहन के पलटने से उसमें लदा धान भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि वाहन सड़क के किनारे पलटा, जिससे मुख्य मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन और राहगीर इसकी चपेट में आने से बच गए।

