राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
खरसावां थाना में सोमवार सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से थाना प्रभारी के चेंबर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कमरे में धुआं भर गया और आग ने कई सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह चेंबर में मौजूद थे। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग लगने की बात सामने आई है।
आग की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। जवानों ने सबसे पहले विभिन्न कांडों से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलों और अभिलेखों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया गया कि आग से सीसीटीवी मॉनिटरिंग, डीबीआर, रजिस्टर, विभिन्न कांडों के अभिलेख, टेबल समेत कई सामान क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस नुकसान का आकलन कर रही है।

