राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी चेकडैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबे दोनों युवकों के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान बंतानगर (धोबोडुंगरी) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरुडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार दोपहर एक ही बाइक से आसंगी चेकडैम पहुंचे थे। नहाने के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों डूब गए थे। सूचना पर आरआईटी पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की थी। अंधेरा होने के कारण रविवार शाम अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के संयुक्त अभियान में घंटों की खोजबीन के बाद पहले सोनू लोहार का शव कुलूपटांगा क्षेत्र से बरामद हुआ। इसके बाद शुभम शर्मा का शव भी खोज लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

