राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से सीनी ओपी क्षेत्र में बीती रात विभिन्न चौक-चौराहों पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान सीनी पुलिस ने दोपहिया वाहनों के साथ-साथ हल्के और भारी वाहनों की भी बारीकी से जांच की।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान चौक-चौराहों पर वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात, वाहन की स्थिति तथा चालक से संबंधित जानकारी की जांच की गई। वहीं, चारपहिया एवं भारी वाहनों की भी जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग का उद्देश्य क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करना तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। सीनी पुलिस के मुताबिक, अपराध नियंत्रण को लेकर इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। विशेष रूप से रात के समय प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी।

