निखार सबलोक हत्याकांड : पूछताछ के दौरान अशोक सिंह राघव की बिगड़ी तबीयत, टीएमएच में इलाज जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पिछले कई दिनों से पूछताछ के दायरे में आए सोनारी निवासी अशोक सिंह राघव की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पहले एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां से सीधे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। फिलहाल टीएमएच में उसका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि अशोक सिंह राघव की हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल लाया गया। वहां उसके खून की उल्टी होने की बात सामने आई। इसके बाद टीएमएच में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
निखार सबलोक हत्याकांड के मामले में पुलिस करीब चार दिनों से अशोक सिंह राघव से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि उसे चांडिल थाना में रखकर पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई।
इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। पुलिस मामले को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुए है। वहीं, अशोक सिंह राघव की चिकित्सकीय जांच जारी है और टीएमएच में उसका इलाज किया जा रहा है।

